महोली, सीतापुर। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन की ओर से मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) इकराम अली को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से पंचायत सहायकों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराए जाने, पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाए जाने, पंचायत सहायकों की अनुबंध प्रक्रिया समाप्त किए जाने तथा महिला पंचायत सहायिकाओं को मातृत्व लाभ की सुविधा दिए जाने की मांग की गई। इसके साथ ही पंचायत सहायकों के अनुभव एवं उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी गई।
इस अवसर पर धर्मेंद्र कुमार, शोभाराम, विमलेश कुमार सिंह, अंकित कुमार, कुलदीप कुमार, प्रिया वर्मा, वंदना वर्मा, आरती देवी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।






