दि ग्राम टुडे,कानपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में अधिवक्ता और पुलिसकर्मी के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच सड़क पर लात-घूंसे चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद राहगीर और अन्य पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे, लेकिन काफी देर तक विवाद चलता रहा।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस इलाके की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच के आधार पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे यूपी-112 में तैनात एक आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मारपीट में शामिल दूसरा आरक्षी पहले से ही निलंबित बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। इस घटना से कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। वायरल वीडियो तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
कानपुर में सरेआम शर्मसार हुई वर्दी! अधिवक्ता और पुलिसकर्मी के बीच सड़क पर चले लात-घूंसे, वायरल वीडियो पर कार्रवाई
Date:






