
दि ग्राम टुडे,कानपुर नगर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को सरसैया घाट से ग्रीन पार्क तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बड़ी संख्या में लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ एनसीसी बैंड, स्कूली बच्चे, आईटीबीपी के जवान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया और तिरंगे के सम्मान में लोगों ने एकजुटता का संदेश दिया।

यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता के महत्व की भावना को और मजबूत करना रहा। स्कूली बच्चों एवं युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह भर दिया।

आयोजकों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया गया।







