मथुरा- थाना राया क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने पर मोटरसाइकिल को सीज कर दिया और कुल 15 हजार रुपये का चालान किया।
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की रात करीब 9:08 बजे एक बुलेट सवार युवक मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालते हुए मथुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान थाना राया पुलिस ने मोटरसाइकिल का पीछा कर अचरू गांव के समीप उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल से तेज आवाज निकालकर ध्वनि प्रदूषण से संबंधित निर्धारित मानकों का उल्लंघन किया गया था। इस मामले में 10 हजार रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया, जबकि अन्य कार्रवाई समेत कुल 15 हजार रुपये का चालान किया गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया।पुलिस दस्तावेजों के अनुसार वाहन संख्या UP85CK1642 लक्ष्मी नारायण मंदिर न्यास के नाम पर पंजीकृत है। मोटरसाइकिल चालक की पहचान श्याम यादव निवासी वृंदावन के रूप में बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सड़क पर बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालकर चलने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।






