महोली (सीतापुर)। क्षेत्र के मुसब्बरपुर गांव के करीब जंगल के पास खेतों में तेंदुआ देखे जाने का दावा किया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में कांबिंग की, जहां तेंदुए के ताजा पगचिह्न मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, मुसब्बरपुर गांव के निकट मैनिया जंगल के पास सरदार मंगल सिंह ने अपना झाला बना रखा है, जहां वह परिवार समेत रहते हैं। मंगलवार सुबह वह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी बीच उनके पालतू कुत्तों ने भौंकना शुरू कर दिया। कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर वह झाले से खेतों की ओर बढ़े तो उन्हें खेत से जंगल की तरफ एक तेंदुआ भागता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक तेंदुआ जंगल में जा चुका था।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम में डिप्टी रेंजर राहुल यादव, वन दरोगा नंदलाल और विनीत कुमार शामिल रहे। टीम ने क्षेत्र में कांबिंग की, जहां तेंदुए के ताजा पगचिह्न मिले।
रेंजर के.एन. भार्गव ने बताया कि सरदार के झाले के निकट खेतों में तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया है।






