मेला ग्राउंड के मुख्य द्वार पर ई-रिक्शा की भीड़
महोली, सीतापुर। नगर के गुजिया लाइन रोड पर इन दिनों श्री कृष्ण जन्माष्टमी का मेला लगा हुआ है, जो लगभग एक माह तक चलेगा। मेले में आकर्षक दुकानें सजाई गई हैं। बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और खेल-तमाशे भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं चाट-पकौड़ी और आइसक्रीम की दुकानें भी सजाई गई हैं।
मेले में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने के कारण मुख्य द्वार पर ई-रिक्शा की भीड़ लग रही है, जिससे लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है। हालांकि मेले में सुरक्षा व्यवस्था पुलिस संभाल रही है, लेकिन मुख्य द्वार पर ई-रिक्शों की भीड़ की समस्या की ओर भी ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है, ताकि मेले में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो और किसी दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।






