महोली, सीतापुर। नगर के उमाशंकर इंटर कॉलेज में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश महोत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ किया गया। शोभायात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार मिश्रा एवं उनकी धर्मपत्नी गणेश भगवान की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्र गणेश भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा के समापन के बाद विधि-विधान से गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई। विद्वान पंडित द्वारा पूजा-अर्चना कराई गई, जिसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। विद्यालय प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया।
बताते चलें कि उमाशंकर इंटर कॉलेज में गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रतिवर्ष भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। गणेश जी की प्रतिमा बाहर से मंगाकर आकर्षक श्रृंगार के साथ स्थापित की जाती है और कई दिनों तक पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है।






