महोली, सीतापुर। नगर के गुजिया लाइन में चल रहे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले में पिछले दो दिनों से भारी भीड़ उमड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मेले में पहुंचकर विभिन्न आकर्षणों का आनंद ले रहे हैं। मेले में आकर्षक झूले, जलपरी सहित विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं।
मेले में सबसे अधिक बिक्री जलेबी की देखने को मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोग भले ही मेले से अन्य सामान खरीदें या न खरीदें, लेकिन जलेबी जरूर घर लेकर जाते हैं। इस बार महंगाई के चलते जलेबी के दाम बढ़े हैं, इसके बावजूद इसकी बिक्री पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।
वहीं छोटे बच्चों के लिए लगाए गए खेल-खिलौनों के स्टॉल पर भी खूब भीड़ नजर आ रही है। हर माल 10 रुपये और 20 रुपये वाले खिलौने बच्चों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।
मेले में बड़े झूले, ब्रेक डांस और जलपरी जैसे आकर्षण भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। हालांकि इन झूलों का टिकट 50 रुपये होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले उन परिवारों के लिए परेशानी होती है, जिनके साथ दो से चार बच्चे होते हैं। ऐसे में बच्चों को झूलों का आनंद दिलाना हर परिवार के लिए आसान नहीं है।
मेले में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। नगर पंचायत को मेले में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली प्रभारी जंग बहादुर पांडेय अपनी पुलिस टीम के साथ लगातार मेले में निगरानी कर रहे हैं।






