महोली, सीतापुर। कोतवाली महोली क्षेत्र के ग्राम उरदौली में मंगलवार को कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार उरदौली निवासी छोटी देवी (42) पत्नी उपेंद्र कुमार घर के आंगन में थीं। इसी दौरान अचानक कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में महिला दब गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं, तहसील प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी गई। राजस्व कर्मी ने मौके पर पहुंचकर क्षति का जायजा लिया और अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार तहसील प्रशासन की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।






