महोली, सीतापुर। तहसील क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागिता की।
इसी क्रम में थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता द्वारा थाना परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन के साथ आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का विशेष केंद्र रहीं। जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान पंडाल में श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
रात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, चारों तरफ “जय कन्हैया लाल की” और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी। श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
वहीं क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। घरों में श्रद्धालुओं द्वारा आकर्षक झांकियां सजाकर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया गया। पूरे क्षेत्र में देर रात तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।






