महोली, सीतापुर। नगर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीतापुर के तत्वावधान में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं, ग्रामीणों एवं अन्य लोगों को कानून के महत्व तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान अधिकार मित्र आदित्य वर्मा एवं शेर बहादुर सिंह ने ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता, नागरिकों के कानूनी अधिकार, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल विवाह तथा बाल श्रम सहित विभिन्न कानूनी विषयों की विस्तृत जानकारी दी।
अनामिका पांडेय एवं कविता यादव ने भी उपस्थित लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन रेनू मिश्रा, गिरजा शंकर, नीलम, अंकित वर्मा, सोमवती सहित विद्यालय के कर्मचारी, बालिकाएं एवं अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।






