दि ग्राम टुडे, कानपुर।
कानपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कानपुर सहित प्रदेश के 44 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार रात से शुरू हुई झमाझम बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा, जिससे जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव और यातायात अव्यवस्था जैसी समस्याएं भी सामने आने लगीं।
बारिश के चलते दक्षिण कानपुर, बिरहाना रोड, बड़ा चौराहा और कई निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर जलजमाव होने से वाहन रेंगते नजर आए और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहता दिखाई दिया, जिससे नगर निगम की तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे।
स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने एहतियातन जूही खलवा पुल के नीचे दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया। पुल के नीचे अत्यधिक जलभराव होने से आवागमन रोक दिया गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके। सुबह दफ्तर और बाजार जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा में अत्यधिक नमी बनी हुई है, जिसके कारण 5 जुलाई तक कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान कानपुर मंडल में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा रुक-रुक कर बूंदाबांदी जारी रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
कानपुर नगर में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश होती रहेगी, जबकि देर रात अथवा शनिवार सुबह तेज बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार हवा की दिशा पूर्वी-उत्तरपूर्वी रहने से उमस का स्तर 70 प्रतिशत से अधिक बना रहेगा।
कानपुर देहात में भी मौसम सक्रिय रहेगा। अकबरपुर, पुखरायां और ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी-पानी तथा बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। यहां अगले 24 घंटों में 10 से 15 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज होने की संभावना है। उन्नाव, फर्रुखाबाद, कन्नौज और औरैया जिलों में भी बादलों की आवाजाही, बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग ने 6 और 7 जुलाई को कानपुर परिक्षेत्र में और अधिक तेज तथा भारी मानसूनी बारिश होने की संभावना जताई है। प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मेरठ, सोनभद्र और अन्य जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न जाने की चेतावनी दी गई है। किसानों को खेतों में कार्य करते समय सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर निगम और प्रशासन को निचले इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।
फिलहाल कानपुर में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। बारिश से मौसम सुहावना जरूर हुआ है, लेकिन शहर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था ने एक बार फिर विकास के दावों की हकीकत सामने ला दी है।
S N Sunil Pandey
मानसून का महाअटैक: कानपुर में झमाझम बारिश से राहत भी, आफत भी; कई इलाकों में जलभराव, जूही पुल बंद
Date:






