महोली (सीतापुर) विकासखंड पिसावां के अंतर्गत ग्राम नेरी में गणेश चतुर्थी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भव्य शोभायात्रा निकालकर गणेश प्रतिमा की स्थापना की। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भक्त शामिल हुए। स्थापना के बाद आगामी 11 दिनों तक भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा नेता मनोज मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गणेश जी के दर्शन किए। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान गणेश और उनके भाई कार्तिकेय से जुड़ी कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि एक बार दोनों भाइयों में इस बात को लेकर प्रतियोगिता हुई कि कौन बड़ा है। निर्णय के लिए दोनों से पृथ्वी की परिक्रमा करने को कहा गया। कार्तिकेय अपने वाहन पर पृथ्वी की परिक्रमा करने निकल पड़े, जबकि गणेश जी ने अपने माता-पिता भगवान शिव और माता पार्वती की परिक्रमा कर कहा कि माता-पिता ही उनके लिए पूरी सृष्टि के समान हैं। उनकी बुद्धिमत्ता से प्रसन्न होकर भगवान शिव और माता पार्वती ने गणेश जी को विजयी घोषित किया।
“मनोज मिश्रा ने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, विवेक और शुभता के प्रतीक हैं। उनके जीवन से हमें माता-पिता का सम्मान करने और सदैव सद्बुद्धि के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है”
इस अवसर पर व्यवस्थापक अवधेश सिंह, मोहित कश्यप, सर्वेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।






