दि ग्राम टुडे, कानपुर।
कानपुर में 6 जुलाई 2026 को मौसम का मिजाज बेहद चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना है। रुक-रुक कर हो रही बारिश, तेज धूप और हवा में अत्यधिक नमी के कारण लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. यस एन. सुनील पांडेय के अनुसार शहर में आर्द्रता का स्तर 60 से 80 प्रतिशत तक रहने की संभावना है, जिससे दिन के समय वातावरण काफी चिपचिपा और बेचैन करने वाला रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार यदि दिन में तेज धूप निकलती है तो हीट इंडेक्स यानी शरीर को महसूस होने वाली गर्मी सामान्य तापमान से कहीं अधिक हो सकती है। अनुमान है कि कानपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि नमी का स्तर 35 प्रतिशत से 82 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। इस कारण वेट बल्ब तापमान 29 डिग्री से 31 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने की संभावना है। विशेषज्ञों के मुताबिक 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक वेट बल्ब तापमान इंसानी शरीर के लिए काफी थकाऊ और खतरनाक माना जाता है, क्योंकि ऐसी स्थिति में शरीर को खुद को ठंडा रखने में कठिनाई होती है।
मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाएं सामान्य रूप से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी, लेकिन खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान इनकी गति अचानक बढ़ सकती है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
इसके साथ ही दोपहर 11 बजे से 2 बजे के बीच यूवी इंडेक्स 8 से 11 के बीच रहने का अनुमान है, जिसे अत्यधिक तीव्र श्रेणी में रखा जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान सूरज की पराबैंगनी किरणें त्वचा और आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती हैं। तेज धूप में लंबे समय तक रहने से सनबर्न, त्वचा संबंधी समस्याएं और आंखों में जलन की शिकायत बढ़ सकती है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो SPF 30 या उससे अधिक क्षमता वाला सनस्क्रीन लगाने, फुल स्लीव्स कपड़े पहनने और धूप का चश्मा उपयोग करने की सलाह दी गई है।
उच्च तापमान और उमस के कारण शरीर से पसीना तेजी से निकलने की संभावना है, जिससे डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। चिकित्सकों और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को लगातार पानी पीने, ओआरएस, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके।
कानपुर में उमस भरी गर्मी और अत्यधिक तीव्र यूवी किरणों का खतरा, मौसम विशेषज्ञ ने जारी की चेतावनी
Date:






