देवी आपदा से बर्बाद फसलों के सर्वे में देरी, प्रभावित परिवारों को राहत मिलने का इंतजार
महोली, सीतापुर (दि ग्राम टुडे)। राजस्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर लेखपालों का धरना-प्रदर्शन तहसील प्रांगण महोली में लगातार जारी है। धरने पर बैठे लेखपालों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कहा, “हमारी मांगें पूरी हों, चाहे जो मजबूरी हो।”
” लेखपालों का धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार लगातार जारी रहने से राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसका असर ग्रामीण क्षेत्रों में देवी आपदा से बर्बाद हुई फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए किए जाने वाले सर्वे पर भी पड़ रहा है। कई गांवों में सर्वे का कार्य पूरा नहीं हो पाने से प्रभावित किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। किसानों को फसल नुकसान के मुआवजे के लिए इंतजार करना पड़ रहा है “
वहीं, लगातार बारिश और जलभराव के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। कई स्थानों पर मकान गिरने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार बरसाती डालकर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ऐसे परिवारों को तत्काल राहत और सहायता की आवश्यकता है।
ऐसे में राजस्व कर्मियों की हड़ताल के चलते राहत एवं क्षतिपूर्ति संबंधी कार्यों में हो रही देरी प्रभावित लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। अब देखना यह है कि शासन-प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है और राजस्व कर्मियों की मांगों पर कब तक सहमति बन पाती है, ताकि प्रभावित किसानों और जरूरतमंद परिवारों को समय से राहत मिल सके।






