महोली, सीतापुर (दि ग्राम टुडे)। महोली नगर एवं क्षेत्र में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
नगर के उमाशंकर इंटर कॉलेज ऑफ साइंस में ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार मिश्रा एवं देवाशीष मिश्रा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं, खंड विकास अधिकारी कार्यालय में ब्लॉक प्रमुख प्रशासक जगदीश प्रसाद एवं खंड विकास अधिकारी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद खंड विकास अधिकारी तथा अन्य कर्मचारियों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत इकराम अली सहित कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर पंचायत कार्यालय में भी गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती केतुका, सभासदों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
नगर के कृषक इंटर कॉलेज में भी जयंती समारोह आयोजित हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।






