लाडो का जन्मदिन मनाकर दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश
संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने पालड़ीकलां ग्रामीण सेवा शिविर में केक काटा, बच्चों का मुंह मीठा कराया
मांडल जोधा व पालड़ीकलां के ग्रामीण सेवा शिविरों का संभागीय आयुक्त ने किया निरीक्षण
22 विभागों की योजनाओं की समीक्षा, पात्रों को योजनाओं का लाभ समय पर देने के निर्देश
पालड़ी कला। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत पालड़ीकलां में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने एक अनूठी पहल करते हुए एक लाडो का जन्मदिन केक काटकर मनाया। उन्होंने छोटे बच्चों का मुंह मीठा कराया तथा परिजनों के साथ इस खुशी के पल को साझा किया। इस अवसर पर उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान का संदेश देते हुए कहा कि बेटियां परिवार और समाज की शक्ति हैं। उनकी शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से बेटियों को समान अवसर देने तथा उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। जन्मदिन समारोह से परिजनों एवं ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
इसके बाद संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने ग्राम पंचायत मांडल जोधा एवं पालड़ीकलां में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने दोनों शिविरों में स्थापित 22 विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों तथा मौके पर किए जा रहे निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, पेंशन एवं भूमि विवाद सहित अन्य जनसमस्याओं का अधिकतम समाधान शिविर स्थल पर ही किया जाए तथा शेष मामलों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की किसी भी जनकल्याणकारी योजना से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहे।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं, जहां लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविरों में पात्र लाभार्थियों को गृह स्वामित्व के पट्टे वितरित किए गए। वहीं वर्षों से लंबित आपसी सहमति से जुड़े बंटवारे के कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई।
निरीक्षण के दौरान डेगाना उपखंड अधिकारी मूलचंद लूनिया, विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघाड़िया, सहायक विकास अधिकारी नंदकिशोर टाक, मांडल जोधा की प्रशासक गौरा देवी, ग्राम विकास अधिकारी शंकरलाल, महेंद्र लोरा, पूर्व प्रधान जसवंत सिंह थाटा, मनीष चौधरी, पालड़ीकलां की प्रशासक शांति देवी सोनी, प्रशासक प्रतिनिधि कालूराम सोनी, ग्राम विकास अधिकारी रामलाल रिया, पटवारी तुलसीराम खिलेरी तथा भू-निरीक्षक अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लाडो का जन्मदिन मनाकर दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने पालड़ीकलां ग्रामीण सेवा शिविर में केक काटा, बच्चों का मुंह मीठा कराया,पालड़ीकलां के ग्रामीण सेवा शिविरों का संभागीय आयुक्त ने किया निरीक्षण
Date:







