सीतापुर महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखवापुर में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर आम के बाग में एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान पंकज कुमार (37 वर्ष), पुत्र बाल कुमार, निवासी शेखवापुर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार पंकज तीन दिन पहले ही गाजियाबाद से गांव आया था। घटना के समय वह घर पर अकेला था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य लखनऊ गए हुए थे।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इस दौरान ऊँच गांव चौकी प्रभारी वेदप्रकाश शर्मा, हेड कांस्टेबल रामस्वरूप यादव, रवि कुमार, अभिषेक तिवारी, अमित अहिरवार सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






