सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिधौली के चिकित्सकों ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सीएचसी में तैनात महिला चिकित्सक डॉ. अमिता त्रिपाठी एवं उनकी टीम ने एक महिला मरीज के पेट से 3 किलो 600 ग्राम वजन का विशाल ट्यूमर निकालने में सफलता प्राप्त की। इस सफल सर्जरी के बाद मरीज की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शशी यादव 36 पत्नी शिव पूजन यादव निवासी बलदेवपुर की महिला काफी समय से पेट में दर्द, भारीपन और सूजन की समस्या से परेशान थी। कई दिनों से चल रही इस समस्या के कारण उसे सीएचसी सिधौली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी विस्तृत जांच की। जांच रिपोर्ट में पेट के भीतर बड़े आकार का ट्यूमर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
डॉ. अमिता त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित मेडिकल टीम ने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ ऑपरेशन किया। कई घंटों तक चले इस जटिल ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से 3 किलो 600 ग्राम का ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
डॉ. अमिता त्रिपाठी ने बताया कि समय रहते मरीज का उपचार किया जाना बेहद आवश्यक था। उन्होंने कहा कि पूरी टीम के समन्वय और मेहनत से यह ऑपरेशन सफल हो सका। वहीं मरीज के परिजनों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सकों की तत्परता और कुशलता से मरीज को नया जीवन मिला है।
सीएचसी सिधौली में हुई इस सफल सर्जरी की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी उपलब्धि बताते हुए चिकित्सकों की प्रशंसा की है।
समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली में हुई सफल सर्जरी
Date:






