
दि ग्राम टुडे,कानपुर। सावन के तृतीय सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सोमवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने थाना बिठूर क्षेत्र के प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

डीसीपी पश्चिम ने रामघाट, पत्थर घाट और ब्रह्मवर्त घाट सहित प्रमुख घाटों पर पहुंचकर मौके की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ की स्थिति, पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही भीड़ को नियंत्रित रखने, आवागमन सुचारु बनाए रखने और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न होने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीसीपी पश्चिम ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहकर व्यवस्था संभालें।

सावन के तृतीय सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बिठूर पहुंचने के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस रखा गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी पश्चिम ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों एवं घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन-पूजन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।






