संवाददाता- शत्रुंजय बाजपेयी
हरगांव (सीतापुर)। हिंदुस्तान इंजीनियरिंग कॉलेज, मथुरा में 20 सितंबर को आयोजित क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (QCFI) की प्रतियोगिता में अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में करीब 70 फैक्ट्रियों की टीमों ने प्रतिभाग किया था। अवध शुगर मिल की दो टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर जिले का नाम रोशन किया।
अवध शुगर मिल की पहली टीम ‘द इनोवेशन हब’ विकास समूह के रूप में गठित की गई थी। टीम का संयोजन अशोक त्रिपाठी ने किया, जबकि विश्वजीत पवार ने मार्गदर्शन किया। टीम के अन्य सदस्यों में प्रदीप सिंह, जितेंद्र श्रीवास्तव और पंकज सिंह शामिल रहे। टीम ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
वहीं दूसरी टीम ‘टीम उन्नति’ विकास समूह के नाम से प्रतियोगिता में शामिल हुई। इसका संयोजन महेश भट्ट ने किया, जबकि पंकज चौधरी ने टीम का मार्गदर्शन किया। टीम के सदस्यों में अमरनाथ गुप्ता, अजीत सिंह और अभिषेक शामिल रहे। टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
अवध शुगर मिल की दोनों टीमों की इस उपलब्धि पर मिल के अधिशासी अध्यक्ष अरविंद दीक्षित, उपाध्यक्ष विवेक तिवारी तथा मुख्य तकनीकी अध्यक्ष अनिल शर्मा ने टीम के सदस्यों को बधाई दी और उनके उत्साह एवं मनोबल को बढ़ाया।
प्रतियोगिता से पदक जीतकर लौटीं दोनों टीमों को मिल परिसर में भी बधाई देने का सिलसिला जारी रहा। कर्मचारियों के साथ-साथ कस्बे और आसपास के क्षेत्र के लोगों में भी अवध शुगर मिल की इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल रहा।






