अमित मिश्रा
विधायक शशांक त्रिवेदी ने किया सेवा शिविर का शुभारंभ, पत्रकार संजीव पांडेय एवं सहयोगियों ने की भोजन-फल व शीतल पेयजल की व्यवस्था
महोली (दी ग्राम टुडे )सावन की भक्ति में जब हर कदम भोलेनाथ की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में कांवड़ियों की सेवा करना भी पुण्य कार्य माना जाता है। महोली में विधायक शशांक त्रिवेदी ने कांवड़ियों की सेवा के लिए आयोजित शिविर का शुभारंभ कर सेवा और श्रद्धा के इस आयोजन को विशेष बना दिया।
महोली बाईपास ओवरब्रिज के पास पत्रकार संजीव पांडेय एवं उनके सहयोगियों की ओर से कांवड़ियों की सेवा के लिए विशेष व्यवस्था की गई। शिविर में कांवड़ियों के लिए पूड़ी-सब्जी, फल, मिठाई और शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महोली विधायक शशांक त्रिवेदी एवं तहसीलदार महोली अंकुर यादव ने किया। इस दौरान विधायक शशांक त्रिवेदी ने कांवड़ियों की सेवा को श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव से जुड़ा सराहनीय कार्य बताया। उन्होंने सेवा में जुटे लोगों का उत्साहवर्धन भी किया।
इस अवसर पर मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। किसी ने कांवड़ियों को भोजन कराया, किसी ने फल वितरित किए तो किसी ने प्यासे श्रद्धालुओं को शीतल जल पिलाकर उनकी सेवा की।
पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, सेवा और सद्भाव की त्रिवेणी देखने को मिली। कांवड़ियों की सेवा का यह भाव संदेश देता है कि आस्था केवल मंदिरों तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा और जरूरतमंदों की मदद में भी सच्ची भक्ति निहित है।






