कानपुर नगर। गुजैनी थाना क्षेत्र में महिला, उसके पति और छोटे बच्चे के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो में एक महिला अपने पति और छोटे बच्चे के साथ बाइक से जाती दिखाई दे रही है। आरोप है कि रास्ते में महिला के परिजन हेमंत शर्मा तथा उसके मित्र संदीप ने उन्हें रोक लिया और महिला, उसके पति एवं बच्चे के साथ मारपीट की।
घटना का संज्ञान लेते हुए गुजैनी थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों हेमंत शर्मा और संदीप को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले में वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






