महोली, सीतापुर। नगर में वर्षों से चली आ रही जन्माष्टमी मेला महोत्सव की परंपरा के तहत इस वर्ष भी भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शशांक त्रिवेदी ने फीता काटकर किया। मेला समिति के प्रधान सेवक सुरेंद्र अवस्थी ने मुख्य द्वार पर विधायक का स्वागत किया और उन्हें कार्यक्रम स्थल स्थित मंच तक ले जाकर सम्मानित किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मेले में पहुंचते ही पूरा क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। अपने संबोधन में विधायक शशांक त्रिवेदी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श और उनके जीवन से मिलने वाली प्रेरणाएं सदैव मानव समाज का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उन्होंने मेले में मेला कमेटी द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ उमड़ने के कारण विधायक को मेला ग्राउंड स्थित मंच तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद श्रद्धालुओं और मेला देखने पहुंचे लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
मेले में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। रंग-बिरंगी सजावट के बीच सजी झांकियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं बच्चों और युवाओं ने आकर्षक झूलों का जमकर आनंद लिया। मेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल भी लगाए गए थे, जहां लोगों ने अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार खरीदारी की।
इस अवसर पर मनोज कुमार मिश्रा, श्रीचंद मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख मिथिलेश सिंह यादव सहित मेला समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।






