समय पर बारिश और खाद-कीटनाशक के छिड़काव से अच्छी पैदावार की उम्मीद
महोली, सीतापुर। तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल लहलहाने लगी है। फसल में बालियां निकल आने से किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान नजर आने लगी है। किसानों को उम्मीद है कि मौसम अनुकूल रहा तो इस बार धान की पैदावार अच्छी होगी।
बताते चलें कि पिसावां क्षेत्र में पहले जहां सैकड़ों एकड़ में मूंगफली की खेती की जाती थी, वहीं अब बड़े पैमाने पर धान की फसल लहलहा रही है। पंजाबी समुदाय के किसानों ने काफी पहले ही धान की रोपाई कर दी थी, जिसके चलते उनकी फसल अब पकने की ओर बढ़ रही है और तैयार होने में कुछ ही समय शेष है।
किसानों के अनुसार, इस बार समय-समय पर हुई बारिश के साथ खेतों में खाद एवं कीटनाशकों का छिड़काव भी समय से किया गया है। इससे फसल की स्थिति बेहतर बनी हुई है। किसानों को उम्मीद है कि मौसम ने साथ दिया तो धान की अच्छी पैदावार होगी।
वहीं बड़ागांव क्षेत्र में नहर के किनारे भी सैकड़ों बीघा भूमि में धान की रोपाई की गई है। खेतों में लहलहाती फसल देखकर किसानों में इस बार बेहतर उत्पादन को लेकर उत्साह है।






