
दि ग्राम टुडे,कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। रतनपुर चौकी प्रभारी अमित मलिक की सतर्कता और सक्रियता के चलते रास्ता भटककर अकेले घूम रहे तीन वर्षीय मासूम रुद्रांश शुक्ला को सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया गया। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, कैम्ब्रिज चौराहे के आसपास एक तीन वर्षीय बच्चा अकेले घूमता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही रतनपुर चौकी प्रभारी अमित मलिक अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगातार तलाश अभियान चलाकर बच्चे के माता-पिता की खोज शुरू की। कुछ ही देर में पुलिस ने बच्चे की पहचान रुद्रांश शुक्ला के रूप में करते हुए उसके परिजनों का पता लगा लिया, जो महादेव पार्क, रतनपुर के निवासी हैं।
सभी औपचारिकताओं के बाद पुलिस ने आमजन की मौजूदगी में मासूम रुद्रांश को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों की आंखें खुशी से भर आईं। उन्होंने चौकी प्रभारी अमित मलिक और उनकी टीम का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की खुले दिल से सराहना की।
इस सराहनीय कार्य ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में आम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ तत्पर रहती है।
पनकी पुलिस बनी मासूम की फरिश्ता: चौकी प्रभारी अमित मलिक की सतर्कता से 3 वर्षीय रुद्रांश सकुशल परिजनों से मिला
Date:






