महोली, सीतापुर। मनरेगा में काम की मांग को लेकर मंगलवार को संता किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं एवं मजदूरों ने महिला नेता रामबेटी के नेतृत्व में विकासखंड कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत काम दिलाए जाने की मांग उठाई।
मामले की जानकारी होने पर ब्लॉक के एपीओ विकास सिंह ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी तकनीकी सहायकों को बुलाकर संबंधित ग्राम पंचायतों में मजदूरों की मांग के अनुसार मनरेगा के तहत काम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों की ओर से आश्वासन मिलने के बाद मजदूर शांत हुए और धरना समाप्त किया।
अब देखना यह है कि संबंधित ग्राम पंचायतों में मनरेगा मजदूरों को उनकी मांग के अनुरूप वास्तव में काम मिल पाता है या नहीं। यह आने वाला समय ही बताएगा।






