दि ग्राम टुडे,कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में शनिवार को चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान एक दरोगा द्वारा दुकानदार को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई के दौरान पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को अरमापुर नहर पुल से लेकर पनकी नहर पुल तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे बने कई अस्थायी और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल और पीएसी भी मौके पर मौजूद रही।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। इसी बीच आरोप है कि पनकी थाना क्षेत्र की एमआईजी चौकी के प्रभारी दरोगा बृजेश कुमार ने चोखा-बाटी की दुकान लगाने वाले एक युवक को थप्पड़ मार दिया। घटना वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत की जानी चाहिए, लेकिन किसी दुकानदार के साथ मारपीट उचित नहीं है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि अभियान के दौरान विरोध और बहस के चलते विवाद की स्थिति बनी थी।
हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो के बाद पूरे मामले को लेकर पुलिस विभाग में भी हलचल मची हुई है। फिलहाल यह मामला पनकी थाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पनकी में अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा, दुकानदार को दरोगा के थप्पड़ का वीडियो वायरल
Date:






