सीतापुर। विकासखंड पिसावा के अंतर्गत ग्राम सभा बंडिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में जलभराव की समस्या से छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय परिसर और रास्ते में पानी भरा होने के कारण बच्चों को काफी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा बूथ अध्यक्ष सोमेश्वर दत्त मिश्रा, सुबोध मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणों ने भी कई बार शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से विद्यालय परिसर और रास्ते से जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित रूप से विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होना चिंता का विषय है।






