विजय सैनी
बाइक सवार गिरने के साथ ई-रिक्शा भी पलटे, जिम्मेदारों की अनदेखी से राहगीर परेशान
नैमिषारण्य (सीतापुर)
नैमिषारण्य से हरदोई जाने वाले मार्ग एनएच-330डी पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और रैनकट राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर अभी तक जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
” स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कई बाइक सवार असंतुलित होकर गिर चुके हैं, जबकि ई-रिक्शा के पलटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना और भी मुश्किल हो जाता है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है “
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि यह मार्ग नैमिषारण्य को हरदोई सहित अन्य क्षेत्रों से जोड़ता है और बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की मरम्मत में लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क पर बने गहरे गड्ढों व रैनकट की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की है। अब देखना है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देते हैं।






