पिसावां/महोली (दि ग्राम टुडे)। ग्रामीणों की शिकायत पर सोमवार को तहसील प्रशासन की टीम ने अमरैया गांव स्थित उचित दर विक्रेता की दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में करीब चार कुंतल गेहूं और सात कुंतल चावल, कुल 11 कुंतल खाद्यान्न कम पाया गया।
ग्रामीणों ने राशन न मिलने की शिकायत महोली तहसील प्रशासन से की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए महोली उपजिलाधिकारी शैलेंद्र गौतम के निर्देश पर आपूर्ति निरीक्षक अभिषेक सिंह टीम के साथ अमरैया गांव पहुंचे और उचित दर विक्रेता सर्वेश कुमार की दुकान की जांच की।
जांच के दौरान स्टॉक का मिलान करने पर गेहूं और चावल की मात्रा में कमी पाई गई। कुल 11 कुंतल खाद्यान्न कम मिलने पर अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित दर विक्रेता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं।






