डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’ को मिला हिन्दी सेवा भारती सम्मान
लखनऊ। हिन्दी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए शहर के वरिष्ठ कवि, साहित्यकार, लेखक एवं सेना से सेवानिवृत्त डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’ को हिन्दी सेवा भारती सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रेरणा हिन्दी प्रचारिणी सभा, जबलपुर (मध्य प्रदेश) की ओर से प्रदान किया गया।
27 सितंबर 2026 को मथुरा में आयोजित हिन्दी राष्ट्रभाषा सम्मेलन एवं कवि सम्मेलन समारोह में डॉ. कर्नल मिश्र को यह सम्मान प्रदान किया गया। अस्वस्थता के कारण वह समारोह में स्वयं उपस्थित नहीं हो सके। उनकी अनुपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया।
प्रेरणा हिन्दी प्रचारिणी सभा के संस्थापक कवि डॉ. संगम त्रिपाठी ने कहा कि हिन्दी के प्रचार-प्रसार, राष्ट्रभाषा अभियान और साहित्य सेवा के प्रति डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’ के समर्पण को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है।
डॉ. कर्नल मिश्र की साहित्यिक उपलब्धियों में ‘आदित्यायन’ शृंखला के 11 काव्य संग्रह और दो लेख संग्रह प्रमुख हैं। उनकी रचनाएं 100 से अधिक साझा काव्य संग्रहों में प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अलावा उनकी कविताएं और लेख विभिन्न समाचार पत्रों एवं पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर प्रकाशित होते रहे हैं। उनके कई अन्य काव्य एवं लेख संग्रह भी प्रकाशनाधीन हैं।
साहित्य एवं हिन्दी सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें अब तक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 1,050 से अधिक सम्मान-पत्र, प्रशस्ति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुके हैं।
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’ साहित्य सृजन के साथ हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार और राष्ट्रभाषा अभियान से लगातार जुड़े हुए हैं।






