महोली/सीतापुर। विकास क्षेत्र पिसावां के ग्राम महमदापुर प्रथम स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक शशांक त्रिवेदी एवं महोली तहसीलदार अंकुर यादव ने आपदा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार की रामदेवी पत्नी राजाराम को 1 लाख 20 हजार रुपये का चेक सौंपा।
बताया गया कि बीते दिनों महमदापुर प्रथम निवासी राजाराम का परिवार प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गया था। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और जांच आख्या तहसील प्रशासन को भेजी गई। जांच के आधार पर पीड़ित परिवार को शासन की ओर से आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
कार्यक्रम के दौरान विधायक शशांक त्रिवेदी ने कहा कि आपदा की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। पात्र परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय लेखपाल अशोक शुक्ला, जीवनलाल रत्नाकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।






