महोली, सीतापुर। जन्माष्टमी का त्योहार नजदीक आते ही नगर में बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ने लगी है, लेकिन इसके बावजूद नगर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त होने का नाम नहीं ले रही है। प्रमुख मार्गों पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
नगर में बड़ा गांव तिराहा रोडवेज, निजी बसों तथा डिवाइडर के दोनों ओर ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य वाहनों के खड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। त्योहार के दौरान भीड़ और बढ़ने की संभावना है, ऐसे में यदि समय रहते यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित नहीं किया गया तो लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ सकता है।
सबसे बड़ी समस्या निजी बसों के सड़क पर खड़े होकर सवारियां बैठाने से पैदा हो रही है। लोगों का कहना है कि जब नगर के बाहर बाईपास मार्ग उपलब्ध है तो दिल्ली, सोनीपत, पानीपत सहित अन्य स्थानों को जाने वाली निजी बसों को बाईपास के रास्ते से संचालित किया जाना चाहिए। इसके बावजूद बसों द्वारा मुख्य सड़क पर ही सवारियां बैठाई जाती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
वहीं नगर पंचायत द्वारा ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए स्टैंड निर्धारित किए जाने की व्यवस्था भी प्रभावी ढंग से लागू नहीं हो सकी है। इसके चलते ई-रिक्शा और ऑटो चालक सड़क किनारे जहां जगह मिलती है, वहीं वाहन खड़े कर देते हैं।
जन्माष्टमी के अवसर पर नगर में श्रद्धालुओं और खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने, निजी बसों को बाईपास से संचालित कराने तथा ई-रिक्शा व ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था लागू कराने की मांग की है, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके और किसी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।






