महोली/सीतापुर। तहसील क्षेत्र से होकर गुजरने वाली कठिना नदी का जलस्तर लगातार हो रही बारिश के चलते बढ़ने लगा है। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि अन्य नदियों का पानी भी छोड़े जाने की संभावना है। ऐसे में नदी किनारे बसे गांवों के ग्रामीण सतर्क हो गए हैं। वहीं मौके पर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता हुआ दिखाई दिया। बाढ़ का पानी नदी किनारे स्थित खेतों तक पहुंच चुका है। वहीं पुराने पुल के निकट बने ब्लॉक संसाधन केंद्र के पीछे स्थित दीवार तक भी पानी पहुंच गया है।
यदि इसी रफ्तार से नदी का जलस्तर बढ़ता रहा तो नदी किनारे बसे गांवों के लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बाढ़ का पानी खेतों में पहुंचने से फसलों को नुकसान होने की आशंका है। इसके साथ ही मवेशियों के चारे की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।
नदी किनारे बसे मनकापुर गांव के ग्रामीणों की परेशानी पहले से ही बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार नदी किनारे स्थित खेतों में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका बनी हुई है।
फिलहाल ग्रामीण नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अब देखना यह है कि आने वाले दिनों में कठिना नदी का जलस्तर कितना बढ़ता है और प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ को लेकर क्या तैयारियां की जाती हैं।






