महोली, सीतापुर। कोतवाली महोली क्षेत्र के ग्राम गुलरिया में बुधवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र के निर्देश के क्रम में आयोजित चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।
” चौपाल को संबोधित करते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जंग बहादुर पांडेय ने कहा कि गांवों में पुराने रंजिश संबंधी मामलों, भूमि विवादों तथा छोटी-छोटी समस्याओं को आपसी समन्वय और नियमानुसार निस्तारित कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी समस्या को लेकर कानून हाथ में न लेने तथा समय रहते पुलिस को सूचना देने की अपील की “
इस दौरान ग्रामीणों ने कोतवाली प्रभारी के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखीं। संबंधित पुलिसकर्मियों को समस्याओं की जानकारी देते हुए उनके नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए गए। चौपाल में ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस की ओर से त्वरित समाधान के हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक वंदना भारद्वाज, चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार, प्रधान रियासत अली सहित पुलिस टीम एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी प्रकार गांवों में नियमित रूप से ग्राम चौपाल आयोजित कर पुलिस जनता की समस्याएं सुने और उनके समाधान की पहल करे, तो छोटी-छोटी बातों को लेकर उत्पन्न होने वाले विवादों को समय रहते रोका जा सकता है।






