मीरजापुर(राजगढ़)। ग्राम गोल्हनपुर, मंडल सतेशगढ़, विकासखंड राजगढ़, विधानसभा मड़िहान में जय गुरुदेव आश्रम, मथुरा के महाराज श्री पंकज जी महाराज के सानिध्य में सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने पूरा समय उपस्थित रहकर सत्संग का श्रवण किया।
सत्संग के दौरान श्री पंकज जी महाराज ने मानव जीवन के मूल्यों,मानव शरीर के महत्व तथा आध्यात्मिक साधना के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन केवल भौतिक सुख-सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मिक शांति और परमात्मा की प्राप्ति के लिए भी मनुष्य को ध्यान, भजन एवं साधना के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने सत्संग के माध्यम से नाम-स्मरण और आध्यात्मिक चिंतन के महत्व को समझाते हुए कहा कि सामान्य रूप से बोले और लिखे जाने वाले नामों के माध्यम से हम ईश्वर का स्मरण करते हैं, जबकि संत-महात्मा साधना और आध्यात्मिक अनुभव के संदर्भ में नाम की महिमा का वर्णन करते हैं। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने जीवन में सदाचार, संयम, भक्ति और मानव सेवा को महत्व देने का संदेश दिया।
श्री पंकज जी महाराज ने मानव जीवन की दुर्लभता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य को अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझना चाहिए और सांसारिक मोह-माया के साथ-साथ आत्मिक उन्नति की ओर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित ध्यान, भजन और सत्संग से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल जी ने श्रद्धापूर्वक सत्संग में सहभागिता की तथा महाराज जी के विचारों को सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सत्संग प्रेमी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।






