महोली, सीतापुर। नगर पंचायत महोली की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गुजिया रोड स्थित मंदिर के सामने से लेकर गांव तक तथा कंचनपुर मार्ग के दोनों ओर आज भी जगह-जगह झाड़ियां उगी हुई हैं। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और रात के समय जंगली जानवरों का खतरा भी बना हुआ है।
” कुछ दिन पूर्व समस्या को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत की टीम मशीन लेकर मौके पर पहुंची और थोड़ी दूरी तक झाड़ियों की सफाई कर वापस लौट गई। इसके बाद दोबारा सफाई के लिए टीम नहीं पहुंची। नतीजा यह है कि मार्ग पर आज भी बड़ी संख्या में झाड़ियां खड़ी हैं और समस्या जस की तस बनी हुई है “
वहीं मंदिर से लेकर गुजिया बैग मार्ग तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी नहीं है। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर कुछ ही बल्ब लगाए गए हैं, लेकिन कई स्थानों पर अब भी अंधेरा रहता है। शाम होते ही मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा आधी-अधूरी सफाई कर औपचारिकता पूरी कर दी गई। यदि सफाई कराई गई है तो उसे पूरी तरह कराया जाना चाहिए, ताकि मार्ग सुरक्षित और साफ-सुथरा हो सके। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से झाड़ियों की पूरी तरह सफाई कराने तथा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है।






