महोली/सीतापुर। आदर्श नगर पंचायत महोली के अंतर्गत वर्षों पुरानी जर्जर वाटर सप्लाई पाइपलाइन अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। नगर के लगभग सभी वार्डों में पाइपलाइन की हालत खराब होने के कारण आए दिन लीकेज और पाइप फटने की समस्या सामने आती रहती है। इसके चलते कई स्थानों पर नागरिकों को दूषित पानी की समस्या से जूझना पड़ता है।
नगर पंचायत द्वारा विभिन्न विकास कार्य तो कराए जा रहे हैं, लेकिन वर्षों पुरानी जर्जर पेयजल पाइपलाइन को बदलने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बताया जाता है कि नगर पंचायत के गठन के समय ही पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था और उसी समय नगर के वार्डों में पाइपलाइन बिछाई गई थी। लंबे समय से इस्तेमाल होने के कारण अब पाइपलाइन जर्जर हो चुकी है।
नगर के मुख्य मार्ग पर भी पाइपलाइन की स्थिति बेहद खराब है। यहां आए दिन पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी का रिसाव होता रहता है। पिछले कई दिनों से पाइपलाइन में लीकेज की समस्या बनी हुई थी, जिसके बाद सोमवार को नगर पंचायत के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया।
नागरिकों का कहना है कि नगर पंचायत को जर्जर पाइपलाइनों को बदलवाकर पूरे नगर में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।






