
कानपुर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में जेल से रिहा हुए अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया गया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 1 जनवरी 2025 से जेल से छूटे सभी अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
अभियान के दौरान पुलिस टीम अपराधियों के वर्तमान पते, मोबाइल नंबर, रोजगार, पारिवारिक स्थिति और उनकी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी एकत्र करेगी। विशेष रूप से चोरी, लूट, डकैती एवं अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके अपराधियों को पुलिस की निगरानी में रखा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यदि कोई अपराधी दूसरे जिले या राज्य में चला गया है तो उसकी जानकारी भी रिकॉर्ड में दर्ज की जाएगी, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर संबंधित सूचनाएं तुरंत उपलब्ध हो सकें। इसके लिए पश्चिम जोन के प्रत्येक थाने में चार सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसमें दो दरोगा और दो सिपाहियों को शामिल किया गया है।
सत्यापन अभियान के आधार पर जेल से छूटे अपराधियों का नया रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे भविष्य में किसी भी अपराध की जांच को तेजी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
जेल से छूटे अपराधियों पर पुलिस की नजर, पश्चिम जोन में शुरू हुआ विशेष सत्यापन अभियान
Date:






