महोली/सीतापुर। विकासखंड पिसावां की ग्राम पंचायत हसनपुर में बरसात के मौसम में पुरानी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के उद्देश्य से संगीत वादन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और बच्चों को पारंपरिक संगीत वादन से परिचित कराया गया।
आयोजकों ने बताया कि संगीत वादन और उससे जुड़े रीति-रिवाज आज भी ग्रामीण समाज में अपनी पहचान बनाए हुए हैं। समय के साथ इनके स्वरूप और प्रस्तुतीकरण में बदलाव जरूर आया है, लेकिन पारंपरिक संगीत और लोक संस्कृति के प्रति लोगों का जुड़ाव आज भी कायम है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने संगीत वादन की प्रस्तुति दी। ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पारंपरिक संगीत सीखने और अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






