महोली, सीतापुर। नगर पंचायत महोली के विस्तारित क्षेत्र में अब अंधेरे से राहत मिलने वाली है। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी गई है। योजना के अंतर्गत विद्युत बल्ब युक्त पोल लगाए जा रहे हैं, जिससे विस्तारित क्षेत्र की सड़कों और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।
करीब 25 लाख रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के तहत तीन कार्यदायी संस्थाओं द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में विद्युत पोल लगाने का कार्य कराया जा रहा है। अब तक लगभग 200 विद्युत पोल लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
योजना के तहत बरसोहिया क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर भी प्रकाश व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्थानों पर बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी। इससे खासकर बुजुर्गों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत की यह पहल महोली के विस्तारित क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






