
कानपुर नगर। मैनावती मार्ग, ख्यौरा स्थित उजियारी देवी मंदिर परिसर में संचालित ‘शिक्षा से वंचित बच्चों की पाठशाला’ में शुक्रवार को सेवा, संस्कार और संवेदनाओं से भरा एक अनूठा जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। श्री हर्ष वर्धन माथुर ने अपनी पत्नी श्रीमती पूजा माथुर एवं पुत्र दिव्यांश माथुर का जन्मदिन पाठशाला के बच्चों के साथ सादगी और आत्मीयता से मनाकर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया।

होटलों और दिखावे से दूर इस आयोजन में बच्चों की मुस्कान ही सबसे बड़ा उपहार बनी। दिव्यांश माथुर ने केक काटने से पहले बच्चों के साथ प्रार्थना की, जिसके बाद सभी ने मिलकर “हैप्पी बर्थडे” गाकर पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। मंदिर परिसर बच्चों की खुशियों और स्नेह से सराबोर नजर आया।
समारोह के दौरान माथुर परिवार ने सेवा को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए मंदिर परिसर में गुलाब और तुलसी के पौधे भी लगाए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं और पेड़-पौधे जीवन का आधार। दोनों का संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी का कर्तव्य है।”
कार्यक्रम में पाठशाला के बच्चों को चिप्स, फ्रूटी, पेन, कॉपी, टॉफी एवं कोल्ड्रिंक वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी ने समारोह को और भी भावुक बना दिया।
इस अवसर पर आदित्य माथुर, विष्णु सहाय ‘प्रधान’, वीरेंद्र श्रीवास्तव, उमेश चंद्र श्रीवास्तव, शुभम श्रीवास्तव, दिनेश निगम सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। पाठशाला संचालक ददन मिश्रा, प्रबंधक श्रीप्रकाश श्रीवास्तव तथा शिक्षिकाएं श्रीमती पुष्पा शुक्ला एवं श्रीमती गीता शुक्ला ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पाठशाला संचालक ददन मिश्रा ने कहा कि जब समाज अपने निजी खुशी के अवसरों को वंचित बच्चों के साथ साझा करने लगता है, तभी वास्तविक अर्थों में राष्ट्र निर्माण संभव होता है।






