महोली/सीतापुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीतापुर के निर्देशानुसार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. दीपांशु शुक्ला के मार्गदर्शन में रविवार को पल्लापुर एवं इंद्रौली स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया।
आरोग्य मेले में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे सैकड़ों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के उपरांत चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देते हुए नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं बुजुर्ग पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करने की सलाह दी।
बताते चलें कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें मरीजों की जांच, उपचार, परामर्श एवं आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया जाता है।






