
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में चार दिनों के भीतर दूसरी चोरी की घटना सामने आई है। इस बार अज्ञात चोर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास नारियल फोड़ने के स्थान पर रखा दानपात्र उठाकर फरार हो गए। दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई नकदी होने की बात कही जा रही है।
रविवार सुबह मंदिर के कपाट खुलने पर पुजारी ने दानपात्र गायब देखा, जिसके बाद मंदिर प्रबंधन ने पारा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मंदिर से घंटा चोरी होने का मामला भी सामने आया था। उस प्रकरण में पुलिस ने जांच के दौरान मंदिर के एक सेवकदार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लगातार दूसरी चोरी की घटना से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।






