महोली, सीतापुर। आदर्श नगर पंचायत महोली की ओर से विस्तारीकरण में शामिल वार्डों में सुंदरीकरण योजना के तहत आकर्षक विद्युत लाइटें लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि करीब 45 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य की शुरुआत हो चुकी है।
इसके बावजूद गुजिया लाइन रेलवे फाटक से लेकर गांव के बाग तक अंधेरा और झाड़ियों की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर झाड़ियां काफी बढ़ गई हैं, जबकि लाइट की व्यवस्था भी अभी तक नहीं हो सकी है। इस समस्या को लेकर दिवंगत सभासद द्वारा कई बार अधिशासी अधिकारी का ध्यान भी आकृष्ट कराया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
वर्तमान में जन्माष्टमी का मेला चल रहा है, जिसके चलते देर रात तक बड़ी संख्या में लोग मेला देखकर इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। रेलवे फाटक के आगे बाग तक सड़क के दोनों ओर झाड़ियां होने के साथ अंधेरा छाया रहता है। ऐसे में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से झाड़ियों की तत्काल कटाई कराने और मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रह सकती है।






