दि ग्राम टुडे, कानपुर।
कानपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से डीसीपी साउथ के निर्देशन में थाना गोविंदनगर, बाबू
पुरवा एवं किदवई नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा साउथ ज़ोन में देर रात्रि व्यापक पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने देर रात तक खुली रहने वाली दुकानों, अनावश्यक भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा यातायात प्रभावित करने वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों एवं आम लोगों को निर्धारित समय के अनुसार दुकानें बंद रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी गई।
अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि आगे भी क्षेत्र में लगातार चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान जारी रहेगा।






