दि ग्राम टुडे, कानपुर।
कानपुर के थाना पनकी क्षेत्र स्थित ग्राम बदुआपुर में लगभग 20 वर्षीय युवक विकास राजपूत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना की जांच के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






