महोली, सीतापुर। आधार कार्ड में संशोधन कराने को लेकर इन दिनों महोली पोस्ट ऑफिस में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्र से सैकड़ों लोग सुबह कार्यालय खुलने से पहले ही पोस्ट ऑफिस पहुंच जाते हैं और अपनी बारी के लिए लाइन में लग जाते हैं।
पोस्ट ऑफिस खुलने के बाद आधार कार्ड संशोधन के लिए लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म उपलब्ध कराए जाते हैं। फॉर्म भरकर कार्यालय में जमा करने के बाद क्रम के अनुसार लोगों का नंबर आने पर पोस्ट ऑफिस के माध्यम से आधार संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
वहीं, जनसेवा केंद्रों पर भी आधार संशोधन कराने वालों की भीड़ बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि जनसेवा केंद्रों पर अपेक्षाकृत अधिक शुल्क लिए जाने के कारण वे पोस्ट ऑफिस का रुख करते हैं। इसके चलते पोस्ट ऑफिस में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
पोस्ट ऑफिस में फॉर्म वितरण के लिए समय सीमा निर्धारित होने के कारण निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले कई लोगों को फॉर्म नहीं मिल पाता। ऐसे में उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। इसके बाद वे अगले दिन सुबह फिर पोस्ट ऑफिस पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। ग्रामीणों ने आधार संशोधन की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने तथा अधिक संख्या में फॉर्म उपलब्ध कराने की मांग की है।






