महोली, सीतापुर। लगातार हो रही बारिश के चलते कठिना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी का पानी किनारे स्थित खेतों में भर जाने से फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। नदी में कहीं से पानी छोड़े जाने के कारण भी जलस्तर में बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है, जिससे आसपास के कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
विकासखंड पिसावां के मनकापुर गांव में नदी किनारे स्थित खेत पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। खेतों में पानी भरने से फसलों के साथ ही मवेशियों के चारे की व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों के अनुसार पिछले तीन दिनों से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यदि जलस्तर बढ़ने का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
नदी किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों में बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को स्थिति पर नजर रखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।






